फतेहगंज पश्चिमी। 10 दिन पहले मायके से लापता हुई महिला का शव सोमवार को मनकरी गांव के पास बहगुल नदी में मिला। परिजनों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने डूबकर मौत होने की आशंका जताई है।
चिटौली गांव के महीपाल ने बताया कि उसने बहन ओमवती (28) की शादी करीब 11 साल पहले बहरोली गांव के वेदराम के साथ की थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। ओमवती पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रहीं थीं। 10 फरवरी को सुबह के समय वह किसी को कुछ बताए बिना घर से निकल गईं। काफी तलाश के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। थाने में तहरीर देकर उन्होंने गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सोमवार को सुबह के समय मनकरी गांव के कुछ लोग गांव के पास बह रही बहगुल नदी की ओर गए तो उन्हें एक महिला का शव उतराता दिखा। शव को पानी से बाहर निकाल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचे महीपाल ने शव की पहचान अपनी बहन ओमवती के तौर पर की। उन्होंने बताया कि बहन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह पहले भी कई बार घर से जा चुकी थीं। उन्होंने नदी में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
-
गांव से दो किलोमीटर दूर मिला शव
ओमवती का शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर मिला है। वह यहां कैसे पहुंचीं यह स्पष्ट नहीं हो सका। यह रास्ता उनके ससुराल की ओर भी नहीं जाता। जिस जगह शव मिला वहां लोगों की आवाजाही भी रहती है। ऐसे में 10 दिन बाद शव मिलना संदेह पैदा कर रहा है। मामले में इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि ससुराल और मायका पक्ष वालों ने हत्या की बात से इन्कार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चलेगा।