मानसून की पहली बारिश से बुधवार सुबह झूंसी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात एक बजे से सुबह सात बजे तक मेन सप्लाई ठप रही। इससे झूंसी आवास विकास कॉलोनी योजना तीन और नई झूंसी बिजली उपकेंद्र प्रभावित हुए। मेन सप्लाई बहाल होने के बाद भी दोपहर बारह बजे तक एक दर्जन बार बिजली की ट्रिपिंग हुई। मंगलवार रात से बुधवार दोपहर तक लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। बिजली गुल होने से जलापूर्ति भी ठप रही। उमसभरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हुई। दोपहर बारह बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, देर रात तक लोकल फाल्ट के कारण बिजली आने-जाने का क्रम जारी रहा।