कोरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बढवारी बड़ी नहर पुलिया के पास शुक्रवार देर रात्रि 12 बजे के करीब तेज रफ्तार में जा रहे बाइक सवार अनियंत्रित होकर पुलिया में टकराते हुए बड़ी नहर में डूब गए। जिसमें एक युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल हो गया। पिंटू आदिवासी पुत्र रामसखा ( 40) रिश्तेदार की शादी में शामिल होने कोरांव के गौहानी गांव जा रहा था। बढवारी बड़ी नहर पुलिया के पास अचानक मोड़ पर अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में पुलिया से टकराते हुए बाइक सहित नहर में डूब गए।
राहगीरों द्वारा घटना की सूचना कोरांव पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पानी में कूद कर दिनेश कुमार पुत्र देवनारायण (38) को पानी से बाइक सहित बाहर निकाल लिया गया और इलाज के लिए उसे सीएचसी कोरांव भेज दिया गया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद घर भेज दिया।
वहीं पिंटू की कई घंटे खोजबीन की गई किंतु पता न चलने पर रात्रि में ही जल पुलिस तथा एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। काफी खोज बीन की बाद घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर दूसरे दिन शनिवार को सुबह आठ बजे के करीब लाश को पानी से बाहर निकाला गया।
मृतक पिंटू पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। दो बेटे तथा दो बेटियों का पिता था। मृतक का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसर गया। पत्नी निशा देवी व माता रन्नो देवी का रो-रो कर बुरा हाल था।