प्रयागराज। स्वरूपरानी अस्पताल परिसर में लगातार बढ़ रहे यातायात के दबाव और मरीजों को रही परेशानी को देखते हुए महाकुंभ-2025 से पहले कई बदलाव किए जा रहे हैं। इसमें अस्पताल परिसर से पोस्टमार्टम हाउस की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में सिर्फ गोबर वाली सड़क से ही पोस्टमार्टम हाउस के लिए वाहनों का आवागमन रहेगा। इस संबंध में स्वरूपरानी अस्पताल प्रशासन की तरफ से मंडलायुक्त को प्रस्ताव भेजा गया है।
एसआरएन अस्पताल परिसर में पीछे की तरफ पोस्टमार्टम हाउस स्थित है। इसके चलते कई निजी वाहनों का आवागमन अस्पताल परिसर से ही होता है। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल परिसर में पूरे दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, अस्पताल परिसर के पहले स्थित महिला प्रशिक्षण केंद्र की भूमि पर 100 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट तैयार की जा रही है। इसके अलावा यहां पर डाग्नोस्टिक सेंटर भी बन रहा है। महाकुंभ से पहले ट्रामा सेंटर को भी यहीं पर स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा अस्पताल के प्रमुख रास्ते को एमजी मार्ग से जोड़ने की भी तैयारी है। इसके लिए एक नए मार्ग का निर्माण किया जाना है। ऐसे में अस्पताल परिसर में एंबुलेंस सहित लगभग सभी वाहनों का आवागमन काफी कम हो जाएगा। इसी कड़ी में अब अस्पताल परिसर से पोस्टमार्टम हाउस की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद करने की तैयारी है।
अस्पताल परिसर से पोस्टमार्टम हाउस की तरफ जाने वाले रास्ते को महाकुंभ से पहले बंद करने की योजना है, ताकि अस्पताल में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिल सके। अनुमति मिलते ही इस ओर काम शुरू कर दिया जाएगा। -गौतम त्रिपाठी, उप प्रमुख अधीक्षक, एसआरएन अस्पताल। संवाद