बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के सभी जिला और तहसील अधिवक्ता संगठनों से अपने यहां के युवा और 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्ग अधिवक्ताओं की सूची मांगी है। काउंसिल ने कहा कि ऐसे अधिवक्ताओं की एक सूची बनाई जाए, जिसमें उनकी पंजीकरण संख्या, सीओपी नंबर, निवास का पता, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दी गई हो। यह सारी जानकारी बार काउंसिल की वेबसाइट uttarpradeshbarcouncil@gmail.com पर भेजने का निर्देश दिया है। बार काउंसिल के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने सभी अधिवक्ता संघों के अध्यक्षों से कहा कि वह जिला और तहसील स्तर पर एक समिति का गठन करें। वह समिति स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से मिलकर अधिवक्ताओं की समस्याओं का निराकरण करवाएं। यदि इसमें किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो इसकी जानकारी बार काउंसिल को दी जाए, ताकि यहां से अधिवक्ताओं की समस्याओं का निराकरण किया जा सके।