घटना के बाद मौके पर पहुंचकर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
कौशाम्बी के चिल्ला शाहबाजी गांव में बैंक मैनेजर दीक्षा सोनकर पर तेजाब से हमला करने वाले बदमाश उनका पर्स और मोबाइल भी छीन ले गए। पुलिस तहकीकात में जुटी है कि आखिर मोबाइल ले जाने का उनका क्या मकसद था। उधर, मजिस्ट्रेट ने एसआरएन हास्पिटल जाकर दीक्षा से बयान लिया।
काला डांडा खुल्दाबाद की रहने वाली दीक्षा सोनकर कौशाम्बी के सैयद सरांवा में बैंक आफ बड़ौदा में मैनेजर हैं। सोमवार को बैंक जाते वक्त चिल्ला शाहबाजी गांव में उन पर तेजाब से हमला किया गया जिसमें वह गंभीर रूप जख्मी हो गईं। हमलावरों ने उनका पर्स और मोबाइल भी छीन लिया। दीक्षा को एसआरएन हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने आकर उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में कई मोबाइल नंबरों के कॉल रिकार्ड्स मंगाए हैं।
सूत्रों के मुताबिक इस घटना के पीछे कोई परिचित भी हो सकता है। कुछ लोग संदेह के घेरे में हैं। उनके घर रात दबिश दी जाएगी। इधर, सोनकर समाज के नेता वीरेंद्र सोनकर ने मांग की है कि अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए। अगर 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो समाज के लोग आंदोलन करेंगे। दीक्षा को सोमवार की शाम एसआरएन हास्पिटल से निकालकर सिविल लाइंस में मेयो हाल चौराहे के पास हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया।