पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का बयान दर्ज कर लिया गया। कोर्ट से अनुमति लेकर करेली पुलिस की एक टीम नैनी जेल पहुंची और उससे घंटोें पूछताछ की। इसके बाद वापस लौट आई। इस मामले में उसे कस्टडी रिमांड पर भी लेने की तैयारी है, जिसके लिए कोर्ट में अर्जी भी दे दी गई है।
करेली पुलिस की टीम मंगलवार दोपहर में नैनी जेल पहुंची। यहां कोर्ट की अनुमति दिखाने पर जेल प्रशासन ने अली अहमद से मुलाकात कराई। इसके बाद परिसर के भीतर ही बने एक कक्ष में पुलिस टीम ने अली से पूछताछ की और उसका बयान भी दर्ज किया। उससे मुकदमे में लगाए गए आरोपों के संबंध में सवाल दागे और जानकारी हासिल की। इसके बाद टीम वापस चली आई। उधर मंगलवार को ही उसे कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी भी दी गई। इस पर बुधवार को सुनवाई होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस यही कहती रही कि जांच पड़ताल जारी है।
पुरामुफ्ती पुलिस ने भी बनवाया रिमांड
उधर दो दिन पहले पूरामुफ्ती में दर्ज हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश ेसमेत अन्य आरोपों से संबंधित मुकदमे में भी अली का रिमांड बनवा लिया गया है। पूरामुफ्ती पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में अर्जी देकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अली को तलब कराया। साथ ही अपने मुकदमे में रिमांड के लिए अर्जी दी। कोर्ट ने इसे स्वीकार कर लिया। इसके बाद पूरामुफ्ती पुलिस ने वारंट नैनी जेल में तामीला करा दिया।