बढ़े गृहकर को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा पार्षदों समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। इस बीच प्रयाग व्यापार मंडल के नेतृत्व में व्यापारियों ने बुधवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह को ज्ञापन सौंपकर बढ़ा टैक्स वापस कराने की मांग की। माना जा रहा है कि रेवती से गुहार लगाने का असर होगा, क्योंकि उनकी गिनती पार्टी के बड़े नेताओं में हैं। ऐसे में वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता करते हैं तो बढ़ा टैक्स वापस होने की उम्मीद है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा के नेतृत्व में व्यापारी एवं पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल दिन में पूर्व सांसद से उनके आवास पर मिला। इस दौरान बढे़ टैक्स का विरोध करते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा गया। इसमें श्री अरोरा ने उनसे मुख्यमंत्री से मिलकर बढ़े गृहकर का अध्यादेश वापस कराने की मांग की। महामंत्री सुहैल अहमद ने कहा कि जब तक टैक्स वापस नहीं होगा, जमा नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष मोहम्मद कादिर ने कई गुना बढ़ा टैक्स भेजने पर अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसमें सुशील खरबंदा, मोहम्मद खलिक अहमद, अरुण केसरवानी, जगदीश गुलाटी, राहुल अग्रवाल, शिव सेवक सिंह, संजय गुप्ता, विजय पुर्सवानी, कमलेश सिंह, विजय वैश्य आदि शामिल थे।
भाजपा पार्षदों की कीडगंज में हुई बैठक में छात्रों से भी बढ़े गृहकर का विरोध करने की अपील की गई। कहा कि बढ़े टैक्स का असर हर वर्ग पर पड़ेगा। बैठक में गिरी शंकर प्रभाकर, देव त्रिपाठी, शानू, गीत गौर, राजेश पटेल, हरिओम पांडेय आदि मौजूद थे। व्यापारी एकता समिति ने बढ़े टैक्स के विरोध में 11 मार्च को डीएम कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया है। यह जानकारी अध्यक्ष विजय गुप्ता ने दी।