एंटी करप्शन टीम ने घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
- फोटो : अमर उजाला।
एंटी करप्शन की टीम ने तेलियरगंज के मेंहदौरी स्थित सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स कार्यालय में कार्यरत लेखाकार रागविराग और कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदाकर्मी) विजय राज सिंह को 75 हजार घूस लेेते गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर फतेहपुर के बिंदकी स्थित एक विद्यालय कमेटी के नवीनीकरण के नाम पर रुपये मांगने का आरोप है। शुक्रवार को दोनों को वाराणसी के एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा।
फतेहपुर के श्री ओमर वैश्य विद्यालय कमेटी से जुड़े ज्ञान भारती मूला देवी एमएस जूनियार हाईस्कूल के प्रबंधक रतिपाल सिंह मंगलवार को शिकायत की थी। उन्होंने बताया था उक्त कमेटी के नवीनीकरण के लिए 30 जनवरी को सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स मेंहदौरी तेलियरगंज में प्रार्थना पत्र दिया।
आरोप है कि नवीनीकरण के एवज में रागविराग ने 75 हजार रुपये मांगे। शिकायत पर एंटी करप्शन निरीक्षक अलाउद्दीन अंसारी की अगुवाई में निरीक्षक रविंद्र सिंह, राकेश बहादुर सिंह समेत अन्य ने बृहस्पतिवार को कार्यालय में ट्रैप लगाया। पीड़ित रुपये देने लगा तभी दारागंज निवासी लेखाकार रागविराग और सरायइनायत के कुवाडीह निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर (संविदाकर्मी) विजय राज सिंह को रंगेहाथ दबोच लिया गया। शिवकुटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।