महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जीआरपी प्रयागराज जंक्शन पर एक अस्थायी थाना बनाएगी। इसके साथ ही शहर के तीन अलग-अलग स्टेशनों पर अस्थायी पुलिस लाइन भी बनाया जाएगा और जिले की सभी चौकियों को थाने में तब्दील किया जाएगा। इसके लिए विभाग जमीन चिह्नित कर रहा है।
महाकुंभ के दौरान संगम क्षेत्र में 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं के सुरक्षा व्यवस्था को जीआरपी चुनौती के रूप में ले रही है। यही वजह है कि प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी पुलिस का स्थायी थाना होने के बावजूद एक अन्य अस्थायी थाने का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा नैनी, छिवकी, प्रयाग, फाफामऊ, झूंसी, रामबाग प्रयागराज संगम स्टेशनों पर बनी चौकियों को थाने में तब्दील किया जाएगा।
इसके अलावा जिले मऊआइमा, फूलपुर, सूबेदारगंज व भरवारी स्टेशन पर अस्थायी चौकी बनाई जाएगी। प्रयागराज जंक्शन, प्रयाग स्टेशन, और झूंसी में अस्थायी जीआरपी पुलिस लाइन बनाई जाएगी। यह चौकियां और थाने सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस रहेंगी।
जीआरपी सीओ सुनीता सिंह ने बताया कि स्नानार्थियों के सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। चौकियों और थानों के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। समय रहते इन्हें तैयार कर लिया जाएगा।