उमेश पाल हत्याकांड के शूटर असद व गुलाम को मुठभेड़ में ढेर करने वाली टीम मेें शामिल इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी मुन्ना बजरंगी के दो शूटरों के एनकाउंटर में भी शामिल रहे। एसटीएफ प्रयागराज में तैनात रहने के दौरान ही उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर नैनी के अरैल में वकील पांडेय व अमजद को मार गिराया था।
दोनों 50-50 हजार के इनामी थे और उनका पूर्वांचल में खौफ था। 2013 में वाराणसी में डिप्टी जेलर अनिल कुमार त्यागी की दिनदहाड़े हत्या में दोनों शामिल थे। तीन मार्च 2021 को अनिल व उनके साथियों ने सटीक सूचना पर नैनी के अरैल में दोनों को घेरा था। जवाबी फायरिंग में दोनों ढेर हो गए थे। अनिल मूलरूप से देल्हूपुर प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं और 2001 से पुलिस विभाग में सेवारत हैं। उनके साहसिक कार्यों की बदौलत ही उन्हें दो बार आउट ऑफ टर्न प्रोन्नति मिली।
2011 में वह एसटीएफ का हिस्सा बन गए। इसके बाद से लगातार कई कुख्यात अपराधियों के खिलाफ चले अभियान में वह शामिल रहे। 2011 में ही प्रतापगढ़ में पुलिस के लिए चुनौती बने विमल उपाध्याय के एनकाउंटर में भी वह शामिल रहे। उन्होंने बताया कि वीरता पदक के लिए चयनित होना बेहद गर्व की बात है। इससे और बेहतर कार्य की प्रेरणा मिलेगी। ब्यूरो