बेकाबू ट्रक ने सड़क के किनारे खड़े बाइक को रौंदा।
- फोटो : अमर उजाला।
कीडगंज में पीली कोठी के पास मंगलवार दोपहर बेकाबू ट्रक ने कोहराम मचा दिया। बुजुर्ग को कुचलने के बाद तीन दोपहिया रौंद डाले और फिर बिजली के पोल से जा टकराया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी खलासी भाग निकला। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक और खलासी को तलाश रही है।
प्रकाश पाल (60) निहालपुर करेली के रहने वाले थे और कीडगंज में बीच वाली सड़क पर विनय कुमार के प्लास्टिक के कबाड़ गोदाम में काम करते थे। मंगलवार दोपहर 3:30 बजे के करीब माल लोडिंग के एक ट्रक आया था जो गोदाम के बाहर ही खड़ा था। ट्रक के सामने ही प्रकाश भी खड़े थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक के केबिन में खलासी बैठा था। उसने अचानक ट्रक स्टार्ट कर दिया। गियर लगे होने के कारण स्टार्ट होते ही ट्रक तेजी से आगे बढ़ा और सामने खड़े प्रकाश को कुचल दिया। इसके बाद खड़ी एक स्कूटी व दो बाइक को रौंदते हुए सामने लगे बिजली के पोल से जा टकराया।
यह देख आसपास के लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो खलासी ट्रक से नीचे कूदकर भाग निकला। उधर गोदाम के पास मौजूद उसका चालक भी लापता हो गया। पुलिस के पहुंचने पर किसी तरह प्रकाश को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कीडगंज प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। चालक व खलासी की तलाश की जा रही है।