इलाहाबाद। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने शनिवार को अलग मामलों में एक दरोगा और तीन सिपाहियों को लाइनहाजिर कर दिया। फोटो जर्नलिस्ट प्रदीप शुक्ला को पीटने और गालीगलौज के आरोप में जांच कराने के बाद खुल्दाबाद थाने के दरोगा दशरथ राम और सिपाही असद को लाइन भेज दिया गया। उन दोनों के बारे में पत्रकारों ने एसएसपी से शिकायत की थी। इसी तरह, नैनी थाने के दो सिपाहियों राजकुमार राय तथा मनोज यादव को कच्ची शराब विक्रेताओं से मिलीभगत के आरोप में लाइनहाजिर किया गया है। एसएसपी ने बताया कि गोपनीय टीम को भी छापेमारी में इन दो सिपाहियों के बारे में ऐसी जानकारी मिली थी। तीन दिन पहले पुलिस छापेमारी के दौरान जुआरियों के भागने की घटना में मिलीभगत में आरोप जार्जटाउन थाने के दो सिपाहियों सुमंत सिंह और सुनील पांडेय को लाइन में आमद करने का आदेश जारी किया गया था। एक सिपाही सुनील की रवानगी कर दी गई जबकि सुमंत को रोक लिया गया। शनिवार रात एसएसपी ने जार्जटाउन इंस्पेक्टर को फटकारते हुए सिपाही को तत्काल लाइन भेजने का आदेश दिया।