झूंसी में महिला की हत्या के बाद छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
झूंसी के आजाद नगर केवट बस्ती स्थित लॉज में बुधवार रात 35 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव बाथरूम में पड़ा मिला। युवती 40 वर्षीय युवक के साथ रात में पहुंची थी और दोनों ने भोर में संगम स्नान के लिए जाने की बात कहकर कमरा किराये पर लिया था। युवक गायब है और फिलहाल मुख्य संदिग्ध है। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी।
आजाद नगर में संजय बिंद का लॉज है। यहां उनकी मां धारा देवी व किरायेदार रहते हैं। संजय ने बताया कि बुधवार रात 8:30 बजे के करीब उसका जानने वाले पूड़ी-सब्जी विक्रेता सुरेंद्र एक युवक-युवती को लॉज पर लेकर आया। फोन पर उसने बताया कि दोनों खुद को पति-पत्नी बता रहे हैं और उन्हें भोर में संगम स्नान करना है। रात में रुकने के लिए उन्हें कमरा चाहिए।
बकौल संजय कुछ घंटों की बात थी ऐसे में उन्होंने 500 रुपये किराये पर एक कमरा दे दिया। लॉज में टॉयलेट व बाथरूम कॉमन है। सुबह 6:30 बजे के करीब मोहन नाम का एक किरायेदार बाथरूम की ओर गया तो उसकी चीख निकल गई। वहां युवती खून से लथपथ मृत पड़ी थी।
शोरगुल पर आसपास के लोग व संजय खुद पहुंच गए। इसके बाद झूंसी पुलिस भी आ गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका के गले पर गहरा जख्म था। आशंका है कि धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई। पुलिस घंटों जांच पड़ताल में जुटी रही लेकिन मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई। कमरे में कोई सामान भी नहीं मिला।
मृतका की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शक के घेरे में साथ आया युवक है, जो गायब है। आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। - अभिषेक भारती, डीसीपी नगर