प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए रोल नंबर वार इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग ने 19 विषयों के इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी किया है। इससे पूर्व हिंदी विषय के इंटरव्यू की तिथि घोषित की गई थी। हिंदी विषय के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 9 मार्च से शुरू होने जा रहे हैं।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में कुल 47 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2002 पदों पर भर्ती होनी है। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में हुई लिखित परीक्षा के आधार पर आयोग ने अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया है। हिंदी विषय का इंटरव्यू 9 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इसके अतिरिक्त आयोग की ओर से पूर्व में 19 विषयों के अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू की तिथि घोषित की गई थी, लेकिन आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया था कि किस अभ्यर्थी का इंटरव्यू कब होगा। आयोग ने जो कार्यक्रम जारी किया था, उसमें सिर्फ यह उल्लेख था कि किस दिन कितने अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होना है। इससे दूसरे जिलों में रहने वाले अभ्यर्थी परेशान थे, क्योंकि उन्हें इंटरव्यू देने के लिए प्रयागराज आना है। अभ्यर्थी मांग कर रहे थे कि रोल नंबर वार इंटरव्यू का कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाए, ताकि वे साक्षात्कार में शामिल होने के लिए समय से आयोग में पहुंच सकें। आयोग ने अब बाकी 19 विषयों का भी रोल नंबर वार इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी कर दिया है।