प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में अगले सत्र में शिक्षकों की कमी दूर कर ली जाएगी। विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सांख्यिकी विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार हो चुके हैं, जबकि मनोविज्ञान विषय में एसोसिएट प्रोफेसर के लिए सोमवार को इंटरव्यू कराया जा रहा है।
8, 9 एवं 10 मार्च को भी विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए इंटरव्यू कराए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जल्द ही अन्य विषयों के लिए भी इंटरव्यू की तिथि घोषित कर दी जाएगी। इविवि में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के 596 पदों पर भर्ती के लिए पिछले साल अक्तूबर-नवंबर में आवेदन लिए गए थे। शिक्षक भर्ती में 47 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 356, 40 विषयों में एसोसिएट प्रोफेसर के 170 और 36 विषयों में प्रोफेसर के 70 पद शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी है कि मौजूदा सत्र में इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए और इसके बाद कार्य परिषद की बैठक बुलाकर अभ्यर्थियों के चयन पर अंतिम मुहर लगाते हुए उनकी जॉइनिंग करा दी जाए। कोविड के कारण विश्वविद्यालय में लगातार दो सत्रों से पठन-पाठन पूरी तरह से प्रभावित है। शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले सत्र को पटरी पर लाने में विश्वविद्यालय प्रशासन को काफी मदद मिलेगी।