0 पूर्व पीएम चंद्रशेखर ने की थी अपील, 1977 में हुए चुनाव का है वाकया
प्रयागराज। विधानसभा चुनाव से जुड़ा एक रोचक किस्सा 1977 का है। तब इलाहाबाद उत्तरी विधानसभा से जनता पार्टी के टिकट पर बाबा राम आधार यादव चुनाव लड़ रहे थे। उनका मुकाबला वर्तमान भाजपा विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी की दादी एवं कांग्रेस प्रत्याशी डा. राजेंद्र कुमारी बाजपेयी से था। बाबा राम आधार यादव आर्थिक रूप से ज्यादा मजबूत नहीं थे। वह साइकिल पर ही चलते थे। कटरा चौराहे पर उनके लिए एक सभा का आयोजन जनता पार्टी की ओर से किया गया। तब जनता पार्टी के राष्टï्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व पीएम चंद्रशेखर ने अपना भाषण देने के बाद मंच से बाबा राम आधार यादव के लिए एक वोट और एक नोट देने की अपील कर डाली। उस दौरान आदर्श आचार संहिता ज्यादा प्रभावित नहींंथी। चुनाव में पैसा मांगने पर भी प्रतिबंध नहीं था। उस दौरान मंच का संचालन कर रहे समाजवादी नेता केकेश्रीवास्तव जो सपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता रह चुके हैं, बताते हैंकि चंद्रशेखर की अपील का भीड़ पर खासा असर पड़ा। उनका भाषण खत्म होते ही वहां दर्जनों लोग अपना कुर्ता फैलाकर भीड़ में नोट मांगने लगे। इस दौरान तकरीबन 60 लोगों के कुर्ते नोटों से भर गए। किसी ने एक रूपये को किसी ने दस तो किसी ने 100 रुपये या उससे अधिक रुपये बाबा राम आधार यादव को दे दिए। नोटों की गिनती हुई तो 67720 रुपये निकले। तब के हिसाब से वह रुपये बाबा राम आधार के लिए पर्याप्त थे। उस चुनाव में बाबा राम आधार यादव ने डा. बाजपेयी को पराजित किया था।