प्रयागराज। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय से सम्बद्ध सभी राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के सत्यापन के बाद ही संबंधित महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया है और महाविद्यालयों से आवश्यक सूचनाएं मांगी गई हैं।
समस्त राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालय में प्रथम वर्ष एवं प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होनी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया है कि सभी महाविद्यालय अपने यहां संचालित समस्त पाठ्यक्रमों की संबद्धता, प्रवेश क्षमता और कार्यरत शिक्षकों की सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं। आदेश में यह भी कहा गया है कि इन सूचनाओं का विश्वविद्यालय स्तर पर सत्यापन कराए जाने के बाद ही संबंधित महाविद्यालयों में प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम वर्ष एवं प्रथम सेमेस्टर की सत्र 2021-22 की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। अगर महाविद्यालयों से सूचनाएं प्राप्त नहीं होंगी या प्राप्त सूचनाओं का विश्वविद्यालय के अभिलेखों से सत्यापन नहीं हो पाएगा तो संबंधित महाविद्यालय और उसमें संचालित संबंधित पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं राज्य विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित नहीं कराई जाएंगी।