प्रयागराज। एसटीएफ ने मुंबई से जुड़े ड्रग्स तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एमडी पाउडर नामक नशीला पदार्थ बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। आरोपी अपने भाई के साथ मिलकर यह धंधा कर रहा था। उसे नैनी पुलिस को सौंपकर एसटीएफ आरोपी के भाई की तलाश में जुट गई है।
एसटीएफ अफसरों ने बताया कि गोपनीय सूत्रों से पता चला था कि मुंबई का एक तस्कर गिरोह प्रयागराज के रास्ते कोलकाता में नशे की खेप पहुंचा रहा है। इसी सूचना पर एक टीम को तस्करों की तलाश में लगाया गया था। बृहस्पतिवार रात सूचना मिली की मुंबई से ड्रग्स की खेप लेकर पहुंचा एक व्यक्ति नैनी में छिवकी स्टेशन के पास किसी का इंतजार कर रहा है। जिस पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 50 ग्राम पाउडर बरामद हुआ। आरोपी को बरामद सामान के साथ नैनी थाने ले जाकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बरामद ड्रग्स एमडी पाउडर है जिसकी कीमत करोड़ों में है। उसने यह भी बताया कि वह मूल रूप से महोबा का रहने वाला अनीस अहमद है। उसका सगा भाई तौहीद मुंबई में रहकर ड्रग्स की तस्करी करता है। वह उसके माध्यम से ड्रग्स की सप्लाई प्रयागराज समेत अन्य जिलों में करता है। बरामद खेप के संबंध में उसने बताया कि वह इसकी सप्लाई देने के लिए कोलकाता जा रहा था। एसटीएफ के डिप्टी एसपी नवेंदु सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के भाई तौहीद के खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट में ड्रग्स तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अनीश को नैनी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत करा दिया गया है। उसके भाई की तलाश की जा रही है।