0 ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन किया तो नैनी, झूंसी और पत्थर गिरजा से संचालित होंगी बसें
प्रयागराज। माघ मेले के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या को देखते हुए रोडवेज और रेलवे ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। यूपी रोडवेज द्वारा अमावस्या के मौके पर तीन हजार बसों का संचालन किया जाएगा। इस दौरान प्रयागराज रामबाग से रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से भी भीड़ के हिसाब से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
मौनी अमावस्या का स्नान पर्व इस बार एक फरवरी को है। माघ मेला के दौरान इसी पर्व पर सर्वाधिक भीड़ श्रद्धालुओं की उमड़ती है। इसी वजह से अमावस्या पर रोडवेज ने ही तीन हजार बसों का संचालन करने की तैयारी की है। बसों का संचालन पर्व के एक दिन पहले यानी कि 31 जनवरी से ही शुरू हो जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस अगर रूट डायवर्ट करती है तो मिर्जापुर, विंध्याचल, चित्रकूट, बांदा, सोनभद्र रूट की बसें पर्व के दिन नैनी लेप्रेशी चौराहे से संचालित होंगी। कानपुर, फतेहपुर, मंझनपुर, आगरा, दिल्ली की बसें सिविल लाइंस पत्थर गिरजा से, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर रूट की बसें झूंसी से एवं अयोध्या, लखनऊ, हल्द्वानी, बस्ती रूट की बसें सिविल लाइंस बस स्टेशन से चलेंगी। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि पर्व के दौरान दूसरे रीजन की बसें रविवार से प्रयागराज आनी शुरू हो जाएंगी।
-------------------------------
वाराणसी, कानपुर, अयोध्या, सतना के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनेंं
प्रयागराज। अमावस्या के अवसर पर रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। प्रयागराज रामबाग से बनारस के लिए समय सारिणी के हिसाब से स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इसी तरह प्रयागराज जंक्शन से कानपुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक् शन और सतना के लिए स्पेशल ट्रेन का संंचालन भीड़ के हिसाब से किया जाएगा। वहीं प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से लखनऊ और अयोध्या के लिए भीड़ देखकर ही अमावस्या के दिन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यहां स्पेशल ट्रेन संचालन केलिए कुल चार रेक लखनऊ मंडल से मांगे गए हैं। दो रेक यहां आ भ्भी चुके हैं, शेष दो रेक रविवार या सोमवार तक आ सकते हैं।
---------------------------
जंक्शन के सिविल लाइंस साइड से यात्रियों का प्रवेश आज से बंद
प्रयागराज। मौनी अमावस्या को लेकर प्रयागराज जंक्शन केसिविल लाइंस साइड से यात्रियों का प्रवेश रविवार की शाम छह बजे से बंद हो जाएगा। इस दौरान सिर्फ जंक् शन के सिटी साइड से ही यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा। सिविल लाइंस साइड से यात्रियों के प्रवेश की मनाही बुधवार दो फरवरी रात 12 बजे तक रहेगी। इस अवधि में सिविल लाइंस साइड से यात्रियों को सिर्फ बाहर आने ही दिया जाएगा। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि पर्व की वजह से ही यह पाबंदी लगाई गई है।