0 दोनों ही प्रत्याशियों की सपा ने बदली सीट, पिछली बार बसपा से लड़ा था चुनाव
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी ने प्रयागराज की फूलपुर और कौशांबी जिले की चायल सीट से विधानसभा प्रत्याशी का नाम बृहस्पतिवार को घोषित कर दिया। फूलपुर से पार्टी ने मुर्तजा सिद्दीकी और फूलपुर से पूजा पाल को प्रत्याशी बनाया है। यह दोनों ही प्रत्याशी बसपा में रहने के साथ पूर्व में विधायक भी रह चुके हैं। हालांकि इन दोनों ही प्रत्याशियों की सपा ने सीट बदल दी है। मुर्तजा वर्तमान में प्रतापपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि पूजा पाल शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से बसपा का प्रतिनिधित्व दो बार चुकी हैं।
मुर्तजा सिद्दीकी ने वर्ष 2017 के चुनाव में बसपा के टिकट परं प्रतापपुर विधानसभा सीट से अपना दल के प्रत्याशी करन सिंह को तकरीबन 2600 मतों से शिकस्त दी थी। हालांकि पिछले वर्ष ही बसपा से उनका मोह भंग हुआ और उन्होंने सपा ज्वाइन कर ली। बताया जा रहा था कि उन्हें सपा पहले प्रतापपुर से ही उम्मीदवार बनाना चाह रही थी, लेकिन बाद में पार्टी ने मुर्तजा को फूलपुर से टिकट दे दिया। वहीं पूजा पाल शहर पश्चिमी विधानसभा सीट से दो बार चुनाव जीत चुकी हैं। वर्ष 2017 का चुनाव भी उन्होंने बसपा से ही लड़ा, लेकिन भाजपा लहर में उन्हें इस सीट से तीसरा स्थान ही मिला। फिलहाल पूजा पाल इस बार कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।
-------------------------------
पूजा पाल के पति राजूपाल भी रह चुके हैं विधायक
0 सपा प्रत्याशी पूजा पाल का नाम इस बार फूलपुर और प्रतापपुर विधानसभा सीट के लिए चल रहा था, लेकिन सपा ने उन्हें चायल विधानसभा से मैदान में उतारा दिया है। यहां वर्तमान विधायक भाजपा केसंजय गुप्ता हैं। पूजा पाल पूर्व विधायक स्वर्गीय राजूपाल की पत्नी है। धूमनगंज थाने के हिस्ट्रीशीटर रहे राजू पाल ने 2004 के चुनाव में शहर पश्चिमी सीट पर सपा उम्मीदवार अशरफ को हराकर सनसनी फैला दी थी। हालांकि 25 जनवरी 2005 को राजू पाल के काफिले को सुलेम सराय में जीटी रोड पर रोककर गोलियों की बौछार की गई। राजू पाल समेत तीन लोग मारे गए। पति के कत्ल के बाद 2007 में हुए चुनाव में पूजा पाल ने बसपा के टिकट पर जीत हासिल की। वह दो बार इस सीट पर जीतीं मगर 2017 में हार गईं। फिर इन्होंने दल बदला और सपा में शामिल हो गईं। अब वह चायल सीट से लडऩे जा रही हैं।