फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसएसपी प्रयागराज के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों ने खोला मोर्चा, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखा पत्र

विज्ञापन
विज्ञापन
एसएसपी प्रयागराज के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों ने खोला मोर्चा, मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखा पत्र प्रयागराज। भर्तियों में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ संगम तट पर मुंडन करा रहे छात्रों की गिरफ्तारी और उसके बाद रेलवे भर्ती के विरोध में प्रयाग रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में प्रतियोगी छात्रों ने प्रयागराज के एसएसपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रतियोगी छात्रों ने एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखा है और आरोप लगाया है कि एसएसपी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। प्रतियोगी छात्रों के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई से छात्र संगठन भड़के हुए हैं। आइसा, एनएसयूआई, दिशा छात्र संगठन, नौजवान सभा, युवा मंच, प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति, प्रतियोगी छात्र मोर्चा समेत तमाम छात्र संगठनों ने इन घटनाओं की निंदा की है और बेरोजगारी के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। वहीं, प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष अवनीश पांडेय ने मुख्य चुनाव आयुक्त पत्र लिखकर मांग की है कि शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई के लिए जिम्मेदार एसएसपी के खिलाफ जांच कराई जाए और तत्काल कार्रवाई की जाए। अवनीश ने अपने पत्र में लिखा है कि चुनाव आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए सिर्फ दो प्रतियोगी छात्र संगम तट पर मुंडन कराने गए थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, इसके बावजूद पुलिस ने छात्रों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। उसके बाद 25 जनवरी को एनटीपीसी की परीक्षा में धांधली का आरोप लगाकर रेलवे ट्रैक पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। यहां तक कि प्रतियोगी छात्र बहुल इलाकों बघाड़ा और सलोरी में लॉज के भीतर घुसकर प्रतियोगी छात्रों को पुलिस ने पीटा। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय का कहना है कि अगर निर्वाचन आयोग अध्यक्ष की ओर से भेजे गए पत्र का संज्ञान नहीं लेता है और कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो प्रतियोगी छात्र न्यायालय की शरण में जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें