प्रयागराज । विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद वह शनिवार 22 जनवरी को अपने गृह जनपद कौशांबी पहुंच रहे हैं। उम्मीदवार घोषित होने के बाद उनका यह पहला सिराथू का दौरा है। उनके आगमन को लेकर पार्टी नेताओं ने तैयारी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है डिप्टी सीएम शनिवार सुबह 10:00 बजे के आसपास हेलीकॉप्टर से सिराथू पहुंचेंगे। इस दौरान कड़ा इलाके में स्थित शीतला माता मंदिर में वह पूजन अर्चन करेंगे और उसके बाद अपने चुनाव प्रचार अभियान का श्रीगणेश करेंगे करेंगे। सिराथू में उनका कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद का कार्यक्रम है। इस दौरान वह ग्राम प्रधानों से भी मुलाकात कर सकते हैं। चर्चा है कि वह शाम को ही वापस लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। सिराथू विधानसभा प्रभारी एवं भाजपा नेता अरुण अग्रवाल ने डिप्टी सीएम के सिराथू आगमन की पुष्टि की है। उनके मुताबिक डिप्टी सीएम शनिवार 22 जनवरी को सिराथू पहुंच रहे हैं। बता दें कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य वर्ष 2012 में भी सिराथू से चुनाव लड़ चुके हैं और उन्होंने तब सपा की लहर होने के बावजूद इस सीट पर कमल खिलाने का काम किया था।