इलाहाबाद हाइकोर्ट के गेट नंबर तीन के पास मौजूद पुलिस और अधिवक्ता।
- फोटो : Amar Ujala
प्रयागराज। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हुए हाइकोर्ट ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। मंगलवार को बार पदाधिकारियों को भी अंदर जाने नही दिया गया। अंदर जाने को लेकर बार के सदस्यों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। हालांकि , दोनों पक्षों के लोगों ने समझदारी दिखाते हुए मामले को शांत कर दिया।
सोमवार को अधिवक्ताओं की नाराजगी को देखते हुए हाइकोर्ट के मुख्य गेट नंबर तीन के साथ मुख्य गेट मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सोमवार के मुकाबले मंगलवार को ज्यादा नजर आई। सीआरपीएफ के जवानों के साथ पुलिस की मोजूदगी अधिक रही। दोपहर तीन बजे के बाद हाइकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महासचिव के साथ अन्य पदाधिकारी एकत्र होकर अंदर जाने लगे लेकिन उन्हें रोक दिया गया। मौके पर मौजूद पुलिस के अफसरों ने कहा उन्हें अंदर जाने की अनुमति नही दी गई है। अध्यक्ष और महासचिव ने कहा कि सोमवार को हाइकोर्ट प्रशासनिक कमेटी को सूचित कर दिया गया था कि बार एशसोसिएशन की कार्यकारिणी अपने कार्यालय में रोजाना तीन बजे उपस्थित होकर अपने कामों का निस्तारण करेगी। पुलिस अफसरों ने कहा कि बार पदाधिकारियो को अंदर जाने के लिए महानिबन्धक को सूचित किया है। उनकी अनुमति मिलने के बाद अंदर जाने दिया जाएगा। बार पदाधिकारियों ने महानिबन्धक से मोबाइल के जरिये बातचीत की। पदाधिकारियों के मुताबिक महानिबन्धक ने प्रशासनिक कमेटी से वार्ता करने के बाद ही परिसर के अंदर जाने की छूट दी जा सकती है। फिलहाल बार पदाधिकारी गेट नंबर तीन से हट गए और दूसरी जगह पर जाकर सभा की।