प्रयागराज। कोरोना संक्रमण के बीच प्रयागराज से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की हवाई सेवा रविवार 18 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। दो घंटे से भी कम समय में यह फ्लाइट प्रयागराज से देहरादून का सफर पूरा करेगी। इसके अलावा 28 मार्च से निरस्त चल रही प्रयागराज-रायपुर फ्लाइट का एक बार फिर से रविवार से संचालन शुरू हो जाएगा।
प्रयागराज-देहरादून के बीच विमान सेवा शुरू होने के बाद संगम नगरी का देश के 11 प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क हो जाएगा। पिछले माह ही प्रयागराज से भुवनेवश्वर और भोपाल के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हुई। अब इसी कड़ी में उड़ान योजना के तहत प्रयागराज से देहरादून के बीच सीधी फ्लाइट शुरू होने जा रही है। निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा यह उड़ान शुरू की जा रही है। इसके लिए प्रयागराज से इंडिगो द्वारा एटीआर श्रेणी का 72 सीट वाला विमान चलाया जाएगा। इसके अलावा रविवार से ही प्रयागराज-रायपुर उड़ान भी 21 दिन के ब्रेक के बाद शुरू होने जा रही है। दरअसल रायपुर से प्रयागराज आने वाली ही उड़ान यहां से देहरादून के लिए रवाना होगी। देहरादून से वापस आने के बाद यह विमान प्रयागराज से रायपुर के लिए उड़ान भरेगा। प्रयागराज से देहरादून पहुंचने में यह विमान 1.55 घंटे का वक्त लेगा। वहीं दूसरी ओर 28 मार्च से बंद चल रही प्रयागराज-कोलकाता फ्लाइट का भी संचालन एक मई से शुरू हो जाएगा।
देहरादून और रायपुर विमान की समय सारिणी
प्रयागराज-देहरादून सुबह 11.10-01.05 बजेदेहरादून-प्रयागराज दोपहर 01.30- 5.20 बजे
रायपुर-प्रयागराज सुबह 8.35-10.20 बजे
प्रयागराज-रायपुर दोपहर 3.40-5.25 बजे