उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 15508 पदों पर शिक्षक भर्ती की घोषणा कर दी है। चयन बोर्ड ने प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 12913 पदों एवं प्रवक्ता के 2595 पदों पर भर्ती के लिए बृहस्पतिवार को विज्ञापन जारी कर दिया।
विज्ञापन
चयन बोर्ड की ओर से विज्ञापन जारी होने के साथ ऑनलाइन आवेदन पंजीकरण, शुल्क जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चयन बोर्ड की ओर से टीजीटी के लिए पहली बार साक्षात्कार हटा दिया गया है। एमएड, पीएचडी के वेटेज पूर्व की भांति मिलते रहेंगे। चयन बोर्ड ने टीजीटी-प्रवक्ता के लिए शैक्षिक अर्हता में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया है। अभ्यर्थी 27 नवंबर 2020 तक ऑनलाइन आवेदन के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन पूरा करने के बाद शुल्क जमा करने के पश्चात आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर है।
शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन के लिए अभ्यर्थी चयन बोर्ड की वेबसाइट www.upsessb.org जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर शिक्षक भर्ती से जुड़े सारे नियम और संबंधित विषय के बारे में शैक्षिक अर्हता की जानकारी उपलब्ध है। शिक्षक भर्ती के लिए आवेदकों की आयु एक जुलाई 2020 को 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। 1. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से 2016 के बाद घोषित पहली शिक्षक भर्ती में आर्थिक रूप से पिछड़े (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों को 10 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
चयन बोर्ड की ओर से कहा गया है कि आरक्षण का लाभ उत्तर प्रदेश के निवासियों को ही मिलेगा। 2. प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में तदर्थ शिक्षक के रूप में की गई सेवा अवधि की गणना ट्रेजरी के जरिए वेतन भुगतान होने के दिनांक से लेकर एक जुलाई 2020 के बीच की होगी। तदर्थ शिक्षकों को एक वर्ष की सेवा पर 1.75 अंक का वेटेज एवं अधिकतम 35 अंक का वेटेज दिया जाएगा। 3. टीजीटी, प्रवक्ता के लिए प्रत्येक विषय के सापेक्ष एक ही आवेदन लिए जाएंगे।
एक से अधिक विषय के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। चयन बोर्ड की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अभ्यर्थी यह देख लें कि आवेदन की अंतिम तिथि तक वह शैक्षिक अर्हता पूरी कर रहे हैं। टीजीटी- प्रवक्ता के आवेदन के लिए अलग-अलग शुल्कटीजीटी - चयन बोर्ड की ओर से टीजीटी के लिए सामान्य वर्ग के लिए 750 रुपए, ईडब्ल्यूएस के लिए 450 रुपए, ओबीसी के लिए 750 रूपए, एससी के लिए 450 रूपए, एसटी के लिए 250 रूपए शुल्क रखा गया है।
प्रवक्ता-चयन बोर्ड की ओर से प्रवक्ता के लिए सामान्य वर्ग के लिए 750 रुपए, ईडब्ल्यूएस के लिए 650 रुपए, ओबीसी के लिए 750 रूपए, एससी के लिए 450 रूपए, एसटी के लिए 250 रूपए शुल्क रखा गया है। लिखित परीक्षा - टीजीटी- चयन बोर्ड की ओर से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक के लिए विषय पर आधारित सामान्य योग्यता की 500 अंकों की एक लिखित परीक्षा होगी। इसमें कुल 125 प्रश्न होंगे, प्रत्येक प्रश्न चार अंकों का होगा। तदर्थ शिक्षकों के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर लिखित परीक्षा में 35 अंकों का वेटेज देते हुए इसे 465 अंक का कर दिया गया है। इसमें प्रत्येक प्रश्न 3.72 अंक का होगा।
प्रवक्ता- चयन बोर्ड की ओर से प्रवक्ता भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के 85 फीसदी अंक के साथ 10 फीसदी साक्षत्कार एवं पांच फीसदी अंक विशेष योग्यता पर दिए जाएंगे। प्रवक्ता की लिखित परीक्षा, तदर्थ शिक्षकों के लिए लिखत परीक्षा और अधिभार मिलाकर कुल 425 अंक की परीक्षा होगी। साक्षात्कार 50 अंक और 24 अंक विशेष योग्यता पर दिए जाएंगे। इस प्रकार पूरी परीक्षा 500 अंकों की होगी। परीक्षा में कुल 125 सवाल होंगे, सभी सवाल 3.4 अंक के होंगे।
तदर्थ प्रवक्ताओं के लिए लिखित परीक्षा 390 अंक की होगी, हर सवाल 3.12 अंक का होगा। टीजीटी गणित, हिंदी, विज्ञान में सबसे अधिक पद - चयन बोर्ड की ओर से घोषित शिक्षक भर्ती में बालक वर्ग में टीजीटी गणित में 1822, हिंदी में 1742, विज्ञान में 1741, अंग्रेजी में 1587 पद, सामाजिक विज्ञान में 1392 पद के साथ संस्कृत में 938, गृह विज्ञान में 611 पद कुल मिलाकर 11451 पद तथा बालिका वर्ग में हिंदी में 214, गणित में 167, अंग्रेजी में 196, विज्ञान में 202, कला में 103 पद सहित कुल मिलाकर 1462 पद शामिल हैं।