मेधावियों को मेडल देकर किया सम्मान 0 अपनी प्रतिभा को मेहनत से निखारें मेधावी। प्रयागराज। यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 के राज्य स्तरीय मेरिट में जगह बनाने वाले और जिले में पहले तीन में स्थान बनाने वालों को अमर उजाला की ओर से सम्मानित किया गया। प्रयागराज मण्डल के आयुक्त आर रमेश कुमार ने यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान पाने वाले एसपी इंटर कॉलेज सिकरो कोरांव के प्रांजल सिंह की सहित 17 अन्य मेधावियों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं अमर उजाला ईयर बुक देकर सम्मानित किया। मेधावियों को सम्मानित करने के बाद मंडलायुक्त ने कहा कि वह अपने भीतर की प्रतिस्पर्धा को कभी कम नहीं होनें दें। मेहनत से अपनी छमता को और निखारने का काम करें। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा में जोड़ने की बात कही। सम्मनित होने वालों में प्रयागराज से दसवीं में जिले संयुक्त रूप से पहली और प्रदेश में आठवीं रैंक पाने वाले नमन एवं सृस्टि, जिले में दूसरी और प्रदेश में नौवीं रैंक पाने वाली गार्गी यादव एवं जिले में तीसरे और प्रदेश में दसवीं रैंक पाने वाली अल्का सिंह शामिल हैं। प्रयागराज में बारहवीं में जिले में पहले और प्रदेश में दूसरे स्थान पर आने वाले प्रांजल सिंह एवं तीसरे स्थान पर आने वाली आँचल मौर्य का सम्मान किया गया। दूसरे स्थान पर आने वाली श्रेया सक्सेना अस्वस्थ होने के कारण कार्यक्रम में नहीं आ सकी। मण्डल के कौशाम्बी जिले से दसवीं में पहले स्थान पर आने वाले रितेश कुमार, दूसरे पर सागर, तीसरे पर ऋतु मिश्रा को सम्मानित किया गया। बारहवीं में ऋतु त्रिपाठी पहले, साक्षी सिंह दूसरे, प्रगति सिंह तीसरे स्थान को सम्मानित किया गया। प्रतापगढ़ जिले से दसवीं में रोशन चौरसिया पहले, वैष्णवी दूसरे, वैष्णवी उपाध्याय तीसरे स्थान को सम्मानित किया गया। प्रतापगढ़ में बारहवीं में पहले स्थान पर मनोज पाल एवं दूसरे स्थान पर दीपाली प्रजापति को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में सम्मनित छात्र छात्राओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरा आयोजन कोरोना के मानकों पूरा करते हुए किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि का स्वागत अमर उजाला के सम्पादक मनोज कुमार मिश्र ने किया जबकि धन्यवाद यूनिट हेड अरुण कुमार सिंह ने किया।