औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी की पत्नी पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता का व्हाट्सएप हैक कर ठगी के प्रयास की जांच में साइबर पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। पता चला है कि घटना के दिन सिर्फ पूर्व महापौर ही नहीं बल्कि दिल्ली, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ समेत अन्य शहरों के 50 से अधिक कारोबारियों को भी निशाना बनाया गया था।
हालांकि साइबर ठग एक भी मामले में सफल नहीं हो सके। साइबर पुलिस के अफसरों ने बताया कि ठगों ने इन सभी को ब्लू डॉट कोरियर का एजेंट बनकर फोन किया और फिर पता पूछने के बहाने कोड वर्ड डायल कराकर मोबाइल नंबर दर्ज करवा लिया। इससे सभी का व्हाट्सएप हैक हो गया। लेकिन किसी से भी ठगी होने की घटना सामने नहीं आई।
जांच में पता चला है कि बिहार, झारखंड के ठगों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मोबाइल नंबरों के जरिये ठगों की पहचान करने में जुटी है। यह भी पता चला है कि मोबाइल नंबर फर्जी दस्तावेज लगाकर लिया गया था। साइबर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
बता दें कि पांच दिन पहले साइबर ठगों ने खुद को ब्लू डॉट कोरियर का एजेंट बताकर पूर्व महापौर को पार्सल डिलीवर करने का झांसा दिया और नंबर डायल करवाकर उनका व्हाट्सएप हैक कर लिया था। जब उनके परिचितों से रुपये मांगे गए तो मामले की जानकारी होने पर उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था।