Prayagraj News : इलाहाबाद विश्वविद्यालय। विजयनगरम हॉल।
- फोटो : अमर उजाला।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के सेंटर फॉर थिएटर एंड फिल्म में पहली बार पीएचडी की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। इविवि एवं कॉलेजों में सत्र 2022-23 के लिए पीएचडी की कुल सीटों की संख्या भी निर्धारित कर दी गई है। इस बार 707 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया इसी माह शुरू हो सकती है।
इविवि एवं कॉलेजों में सत्र 2021-22 में पीएचडी की 614 सीटों पर प्रवेश लिए गए थे। इविवि में नए शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। इविवि प्रशासन ने तय किया है कि नए एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर भी सत्र 2022-23 से पीएचडी करा सकेंगे। ऐसे में इस बार इविवि में पीएचडी की 93 सीटें बढ़ गईं हैं। सीटें बढ़ने से पीएचडी के छात्र-छात्राओं के लिए शोध में प्रवेश के अवसर बढ़ गए हैं।
पीएचडी के लिए निर्धारित कुल सीटों में से 314 सीटें इलाहाबाद विश्वविद्यालय में और 393 सीटें संघटक कालेजों की हैं। इविवि में अब तक 40 विषयों में पीएचडी कराई जाती थी, लेकिन अब थिएटर एंड फिल्म को शामिल किए जाने से विषयों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। सेंटर फॉर थिएटर एंड फिल्म में शिक्षकों के चार पदों पर भर्ती हुई हैं, जिनमें तीन असिस्टेंट प्रोफेसर और एक एसोसिएट प्रोफेसर हैं।
सेंटर की स्थापना 10 अगस्त 2010 में तत्कालीन कुलपति प्रो. राजेन हर्षे के कार्यकाल में की गई थी। इसके संस्थापक समन्वयकों में थिएटर के लिए प्रो. सचिन तिवारी और फिल्म के लिए प्रो. एमसी चटोपाध्याय शामिल थे।
देश के विश्वविद्यालयों में इविवि एक मात्र विश्वविद्यालय है, जहां इस सेंटर के माध्यम से थिएटर और फिल्म मेकिंग सिखाते हैं। अन्य किसी भी विश्वविद्यालय में फिल्म मेकिंग नहीं सिखाई जाती है। इस सेंटर में नाटकों का मंचन, फिल्म फेस्टिवल सहित कई बड़े आयोजन किए जाते हैं। वर्तमान में सेंटर में दो विषयों थिएटर एवं फिल्म में पीजी की पढ़ाई होती है। अब पीएचडी भी कराई जाएगी।