इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में बीएएलएलबी की आधी सीटें भर गईं हैं। प्रवेश की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय ने तीसरा कटऑफ जारी कर दिया है। इविवि में विभिन्न पाठ्यक्रमों में स्नातक प्रवेश के लिए एक सीट पर 15 अभ्यर्थियों की दावेदारी से स्पर्धा काफी बढ़ गई है।
बीएएलएबी में प्रवेश के लिए अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 544 से 545, ओबीसी का 517 से 531, एससी का 458 से 473, एसटी का 366 से 385 व ईडब्ल्यूएस का 525 से 527 अंक निर्धारित किया गया है। प्रवेश के लिए 10 अगस्त शाम पांच बजे तक ऑनलाइन फीस जमा करनी है। फीस जमा न होने पर मेरिट में शामिल अभ्यर्थी का प्रवेश रद्द कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही कर्मचारी वार्ड कोटा के तहत भी मेरिट जारी की गई है जिसमें छह अभ्यर्थी के नाम शामिल हैं। इन अभ्यर्थियों को भी नौ और 10 अगस्त के बीच फीस जमा करनी है। इविवि में बीकॉम प्रवेश के लिए भी तीसरी मेरिट जारी की गई है। इसके तहत अनारक्षित का कटऑफ 426 से 442, एससी का 307 से 345 व एसटी वर्ग का 215 से 301 अंक निर्धारित किया गया है। मेरिट में शामिल अभ्यर्थियों को नौ से 11 अगस्त दोपहर एक बजे तक ऑनलाइन फीस जमा करनी है।
बीएससी बायो की नई मेरिट के तहत अनारक्षित वर्ग का न्यूनतम कटऑफ 499.59, एसटी वर्ग का 365.87 अंक, बीएससी गणित में प्रवेश के लिए अनारक्षित का कटऑफ 418.5 व एसटी का 123 अंक निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन फीस 11 अगस्त सुबह 11 बजे तक जमा होगी।
वहीं, परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम बीएससी-एमएससी में प्रवेश के लिए पहला कटऑफ जारी कर दिया गया है। इसके तहत अनारक्षित का कटऑफ 308.89 अंक, ईडब्ल्यूएस का 146.43, ओबीसी का 198.49 व एससी का 180.59 अंक है। इसके अलावा पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम बीसीए एवं एमसीए (डाटा साइंस) में प्रवेश के लिए अनारक्षित का नया कटऑफ 415, ईडब्ल्यूएस का 383, ओबीसी का 366, एससी का 299, एसटी का 106 अंक निर्धारित किया गया है। फीस 11 अगस्त दोपहर एक बजे तक जमा होगी।
इविवि में प्रवेश से वंचित रह जाएंगे 49 हजार विद्यार्थी
इविवि में स्नातक की 3500 सीटों पर प्रवेश के लिए 52664 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया था। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद तकरीबन 49 हजार विद्यार्थी विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश से वंचित रह जाएंगे। ऐसे अभ्यर्थियों के सामने दूसरे विकल्प विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय होंगे। कॉलेजों की ओर से स्नातक प्रवेश शुरू करने के लिए अगले सप्ताह कटऑफ जारी किए जा सकते हैं।
एडीसी में एलएलबी प्रवेश के लिए नया कटऑफ जारी
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज (एडीसी) में एलएलबी प्रवेश के लिए नया कटऑफ जारी कर दिया गया है। प्राचार्य प्रो. अतुल कुमार सिंह के अनुसार इविवि की प्रवेश परीक्षा में 155 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी 11 अगस्त को सुबह 10 बजे आवश्यक प्रपत्रों के साथ बेनीगंज स्थित विधि संकाय परिसर में उपस्थित हों।