इविवि के संघटक कालेजों में परास्नातक (पीजी) कोर्सेज के लिए एक बार फिर मांग शुरू हो गई है। कालेज के शिक्षकों की ओर से यह मुद्दा मानव संसाधन विकास मंत्रालय में उठाया गया है। शिक्षकों ने एचआरडी राज्यमंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया के सामने भी यह मांग रखी। इविविके ऑर्डिनेंस में संशोधन से संबंधित फाइल पर जल्द से जल्द फैसले की मांग भी की है। संघटक कालेजों में परास्नातक पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग लंबे समय से चल रही है। कालेजों में परास्नातक कोर्स नहीं होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थी दाखिले के लिए भटक रहे हैं। विश्वविद्यालय में एसोसिएट तथा प्रोफेसर पद पर आवेदन के लिए परास्नातक कक्षाओं में पढ़ाने की अनिवार्य शर्त है। ऐसे में संघटक कालेज के शिक्षक विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर तथा प्रोफेसर बनने के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे। इसके मद्देनजर शिक्षकों ने राज्यमंत्री से मिलकर परास्नातक कोर्स शुरू करने की मांग की। कालेजों में गवर्निंग बॉडी को लेकर विवाद की वजह से शिक्षक भर्ती समेत सब कार्य ठप हैं। जबकि, इसके लिए ऑर्डिनेंस में जरूरी संशोधन पर कार्यपरिषद की अनुमति मिल चुकी है। अब फाइल लंबे समय से मंत्रालय में लंबित हैं। इविवि संघटक कालेज शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने उस पर भी जल्द कार्रवाई की मांग की।