इलाहाबाद संग्रहालय समिति की अध्यक्ष सूबे की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को राजभवन में संग्रहालय के प्रस्तावित मुख्य द्वार की थ्रीडी ड्राइंग और डिजाइन को देखा। उन्होंने डिजाइन के अन्य विकल्प प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही इलाहाबाद संग्रहालय का नाम प्रयागराज संग्रहालय करने संबंधित चल रही कार्यवाही को भी जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।
संग्रहालय के निदेशक राजेश प्रसाद ने प्रवेश द्वार लोकेशन, साइट फोटोग्राफ, संग्रहालय भवन के प्रस्तावित डिजाइन का प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया प्रस्तावित गेट संग्रहालय के वर्तमान स्वरूप से मिलता हुआ है। इससे फायर गाड़ी आसानी से प्रवेश कर सकती है। प्रवेश द्वार में दो गेट का प्रावधान किया गया है, जिससे पैदल जाने वाले और गाड़ी के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था दी गई है।
राज्यपाल ने गेट की दीवार पर संग्रहालय से संबंधित चित्र उकेरने की डिजाइन भी प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने प्रवेश द्वार निर्माण के लिए चयनित कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय में काम पूरा करने के लिए निर्देशित करने को कहा। बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा डॉ. पंकज एल जानी, कार्यदाई संस्था व समिति के सदस्य आदि उपस्थित थे।