बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश की पहली महिला अध्यक्ष दरवेश यादव की आगरा जिला कचहरी में गोली मारकर हत्या करने की घटना में पुलिस की जांच से हाईकोर्ट के अधिवक्ता नाखुश हैं। अधिवक्ताओं ने बार कौंसिल के सचिव को पत्र लिखकर कहा कि पुलिस जिस तरीके से जांच कर रही है, उससे ऐसा लगता है कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। वकीलों का कहना है कि अखबारों में विरोधाभासी समाचार आ रहे हैं। अधिवक्ताओं की प्रदेश की सर्वोच्च संस्था के अध्यक्ष की हत्या की घटना को जिस तरह से लिया जा रहा है, उससे अधिवक्ता स्तब्ध हैं। मांग की गई है कि घटना की जांच मेें बार कौंसिल को और गंभीरता दिखानी चाहिए। बता दें कि 12 जून को आगरा जिला न्यायालय में आयोजित एक सम्मान समारोह में दरवेश यादव की उनके एक साथी मनीष शर्मा ने ही गोली मारकर हत्या कर दी थी। मनीष ने खुद को भी गोली मार ली थी।