कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि माघ मेला में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वानंद के अपमान के लिए प्रदेश सरकार क्षमा मांगे। प्रदेश अध्यक्ष ने शंकराचार्य के काफिले को रोके जाने की घटना निंदनीय बताया है।
माघ मेला में अपने शिविर के सामने धरने पर बैठे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से प्रदेश अध्यक्ष ने फोन पर बात की और पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। शंकराचार्य के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मुकुंद तिवारी और विवेकानंद पाठक भी बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के साथ मौके पर पहुंचे।
मुकुंद तिवारी ने कहा की धर्म और अध्यात्म की नगरी में अनुभवहीन अधिकारियों के चलते शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का अपमान देश की सनातन संस्कृति का अपमान है। वहीं, कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने संतों व सहयोगियों के बाल पकड़कर घसीटे। गंगा-जमुना की पावन भूमि पर सदियों से लगने वाले माघमेला और कुंभ में पहली बार ऐसा अपमान हुआ है।
सांसद ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और संतों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। महानगर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन ने बैठक कर कहा कि संत समाज के साथ ऐसा अशोभनीय कृत्य अक्षम्य है। सरकार को क्षमा मांगना चाहिए और दोषी पुलिस अधिकारियों को दंडित करना चाहिए।