धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी वायु सैनिक का भाई एयर शो के दौरान हनुमान घाट के पास गंगा में डूब गया। गोताखोर सोमवार को दूसरे दिन भी युवक की तलाश नहीं कर पाए। मंगलवार को फिर तलाश की जाएगी।
विशाल (17) के पिता रमेश सिंह शिक्षा निदेशालय में कार्यरत थे, जिनका निधन हो चुका है। वर्तमान में उनका परिवार महेंद्र नगर धूमनगंज में रहता है। उनके तीन बेटे व दो बेटियों में सबसे बड़ा बेटा अभिषेक सिंह असम में एयरफोर्स में कार्यरत है। अन्य दोनों बेटे विशाल व शेखर सिंह पढ़ाई कर रहे हैं। विशाल की बहन अनीसा शिक्षा निदेशालय में नौकरी करती हैं। जीजा हिमांशु ने बताया कि रविवार को विशाल अपने सौतेले भाई शेखर सिंह व दोस्तों के साथ संगम पर एयर शो देखने गया था। हनुमान घाट के पास गंगा में कटान हो रही है। यहां गंगा का बहाव भी तेज है। बताया जा रहा है कि युवक कटान के पास ही खड़ा था, इसी दौरान पैर फिसलने से वह डूब गया।
उसके साथ आए लोगों की सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने खोजबीन शुरु की। शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चला। सोमवार को भी खोजबीन के लिए गोताखोर गंगा उतरे, लेकिन कुछ कहीं पता नहीं चला। वहीं, जल पुलिस का कहना है कि एयर शो के बाद युवक साथियों संग गंगा में स्नान करने लगा। इसी दौरान यह हादसा हुआ। युवक के जीजा ने बताया कि वह इग्नू विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रहा था।