काली पट्टी बांधकर नमाज पढ़ने पहुंचे एआईएमआईएम के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
पहलगाम आतंकी हमले में बेगुनाह लोगों की हत्या के विरोध में एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर जुमे की नमाज पढ़ी। वहीं, एआईएमआईएम के महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद ने सरकार से पीड़ित परिवारों को एक करोड़ रुपये और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार इन आतंकियों व इनके आकाओं को ऐसी खतरनाक सजा दे, जिससे दोबारा ऐसी कायराना हरकत करने की हिम्मत किसी में न हो।
बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में काली पट्टी बांधकर जुमे की नमाज में आने की अपील एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने की। इस अपील के बाद महानगर अध्यक्ष अफसर महमूद के नेतृत्व में प्रयागराज शहर की मस्जिदों ने जुमे की नमाज के वक्त कई मुसलमानों ने काली पट्टी बांधकर आतंकी हमले का कड़ा विरोध किया। इस दौरान इफ्तेखार अहमद मंदर, रियाज़ुल हक़ चौधरी,मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद मोअज्जम, सैफी हब, चांद सईद अहमद कुरैशी, मोहम्मद फैसल, एहसानुल हक़, फजल हक,आदि लोग उपस्थित थे।