prayagraj news : नरेश पासवान, उपाध्यक्ष, एससीएसटी आयोग।
- फोटो : prayagraj
अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष राम नरेश पासवान ने रविवार को समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों पर किसी भी प्रकार का अत्याचार या उत्पीड़न हो तो अफसर सक्रिय हो जाए और दोषी लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने अफसरों से तमाम योजनाओं के बारे पूछा।
इस दौरान एसपी गंगापार धवल कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रयागराज के गंगापार में अनुसूचित जाति/जनजाति के मामलों में कमी आयी है। बैठक में आर्थिक सहायता योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जाति के निर्धन परिवारों के पुत्रियों की शादी योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय सहित अन्य विषयों की बिंदुवार समीक्षा की गयी। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि वर्ष 2020-21 में जून माह तक अनुसूचित जाति उत्पीड़न मद में कुल 102 प्रकरणों में 74.25 लाख रुपये की धनराशि पीड़ित लोगो को आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान की जा चुकी है।
बैठक में उपाध्यक्ष राम नरेश पासवान ने कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति से सम्बंधित जो भी शिकायतें पुलिस विभाग में प्राप्त हो, उन पर शीघ्रता से कार्रवाई करते हुए लोगों को न्याय दिलायें। उन्होंने कहा कि जैसे ही आवेदन प्राप्त हो, उसकी तत्काल जांच की जाये और यदि शिकायत सही पाये जाये, तो उस पर कार्रवाई की जाये। बैठक में एसीएम महेंद्र पाल, समाज कल्याण निगम के सहायक अभियंता रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।