कैंटोनमेंट बोर्ड परेड ग्राउंड में एक नई पोस्ट क्लीनिक 10 मार्च से खुलने जा रही है। यहां पर मधुमेह व बीपी के मरीजों की भारत सरकार की तरफ से निर्धारित दर पर जांच के अलावा दवाइयां भी उपलब्ध होंगी। यह क्लीनिक 24 घंटे सक्रिय रहेगी। इसमें एक चिकित्सक के अलावा दो फार्मासिस्ट मौजूद रहेंगे। क्लीनिक पर्यटन विभाग के पूछ-ताछ केंद्र में बनाया जा रहा है। 2019 कुंभ के दौरान इस बूथ का निर्माण किया गया था।
तिनकोनिया चौराहा हर्ष वर्धन की प्रतिमा के पास क्लीनिक स्थापित होगी। यहां पर दवा 50 फीसदी छूट के आधार पर दी जाएगी। क्लीनिक में देश के किसी भी हायर सेंटर जैसे पीजीआई, एम्स, मेदांता, लोहिया व अपोलो सहित किसी भी अस्पताल में ऑनलाइन भर्ती का रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा। गंभीर मरीज को यहीं से संबंधित अस्पताल का रजिस्ट्रेशन टोकेन उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद क्लीनिक पर ही मौजूद एंबुलेंस से मरीज को अस्पताल भेजा जाएगा। इसके लिए क्लीनिक पर दो एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी। क्लीनिक में मरीजों की प्राइमरी सर्जरी भी होगी।