प्रयागराज एयरपोर्ट पर शनिवार की शाम एक महिला की तबीयत खराब हो गई। वहां मौजूद मेडिकल टीम ने उसकी जांच करने के बाद महिला को अस्पताल रिफर कर दिया। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शकुंतला देवी नाम की महिला को एंबुलेंस के माध्यम से युनाइटेड मेडिसिटी भिजवाया। वहां इलाज के बाद महिला वापस एयरपोर्ट आ गई।
बताया जा रहा दिल्ली की रहने वाली शकुंतला यहां संगम स्नान के लिए आई थी। महिला के साथ मौजूद उनके रिश्तेदार मदन गोपाल ने बताया कि उन्हें इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली जाना था। यहां महिला को कुछ उलझन हुई। पेट और सीने में भी दर्द हुआ। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने वहां एंबुलेंस बुलाई। महिला को युनाइटेड मेडिसिटी ले जाया गया। वहां कुछ जांच हुई तो मालूम पड़ा कि एसीडिटी की वजह से ही महिला को दर्द हुआ। दवा लेने के बाद महिला वापस मदन गोपाल के साथ एयरपोर्ट आ गई और इंडिगो के विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गई।