समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जेनरेटेड फोटो लगाकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले की जांच में पता चला है कि इंस्टाग्राम आईडी में दर्ज मोबाइल नंबर मुरादाबाद के पते पर रजिस्टर्ड है। जानकारी होते ही साइबर पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी ब्लॉक करा दी है। साथ ही मुरादाबाद पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रीतम नगर निवासी मान सिंह यादव ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि एक मार्च को जानकारी मिली कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर पोस्ट डाले गए हैं। उन्होंने यूजर की पहचान कर, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए आईडी को तत्काल बंद कराने की मांग की। शिकायत पर पुलिस ने तीन मार्च को इंस्टाग्राम यूजर शेखर 93653 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।