इलाहाबाद। समुद्री तूफान हुदहुद के दबाव से सोमवार देर रात में तेज चक्रवाती हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश आफत बन गई। तेज हवाओं से जगह-जगह पेड़ और खंभे गिर गए। सड़कों पर पेड़ों की डालियां बिखर गईं। कुछ मोहल्लों को छोड़कर पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। कहीं लाइन फाल्ट हुई तो कहीं डीओ उड़ गए। लोग जहां-तहां दुबक गए। जंक्शन के प्लेटफार्मों में यात्री परेशान होकर कोना खोजते रहे। शाम को तेज हुई बारिश कम होने के बजाय रात गहराने के साथ तेज होती गई। चक्रवाती हवाओं के तेज झोंके पेड़ों को उखाड़ने लगे। शहर के एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ जमीन पर आ गिरे। विभिन्न सड़कों पर पेड़ों के बड़ी-छोटी डालियां टूटकर बिखर गईं। सड़कों-गलियों मेें जलजमाव हो गया। हवाओं का वेग ऐसा था कि सड़कों पर चल रहे लोग सहम गए। नमी से सिहरन बढ़ी को लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा। चक्रवाती हवाओं और बारिश बिजली को ले उड़ा ले गई। कई स्थानों पर बिजली के खंभे टेढ़े हो गए और आधा दर्जन खंभे और तार टूट गए। इस कारण शहर का नब्बे फीसदी हिस्सा अंधेरे में डूब गया। कहीं डीओ उड़ा तो कहीं 33 केवी की लाइन में आई फाल्ट से बिजली गुल हो गई। शहर की अधिकांश सड़कों पर स्ट्रीट लाइट भी बुझी रहीं