इलाहाबाद। क्रूड ऑयल की कीमतों में कमी आने के बाद पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में थोड़ी कमी के रूप में राहत मिली है। शहर में आधी रात के बाद पेट्रोल के दाम 80 रुपये से नीचे आ गए। दिन में 80.69 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल बिका। एक रुपये की कमी के बाद शहर में पेट्रोल की कीमतों में 1.25 रुपये की कमी हुई। इससे दाम 79.60 रुपये पर आ गए। लंबे समय बाद शहर में पेट्रोल के दाम 80 रुपये से कम हुए हैं। उधर, डीजल की कीमत 50 पैसे बढ़ने के बाद शहर में 69 पैसे बढ़ गई। इससे 63.32 रुपये कीमत में बिकने वाले डीजल का दाम 63.69 रुपये लीटर हो गया। पेट्रोल की कीमतों में कमी का ऐलान होने के बाद शहर के पेट्रोल पंपों पर मोटर साइकिलों दिखनी कम हो गईं। पंप तक वही दोपहिया या पेट्रोल से कार चलाने वाले पहुंचे, जिन्हें तेल की ज्यादा जरूरत थी। पेट्रोल गाड़ी वालों ने तेल के दाम कम होने का इंतजार किया। इसके विपरीत डीजल गाड़ियां जरूर पहुंचती रहीं। डीजल के दाम बढ़ने को लेकर यह आशंका भी जताई गई कि इससे किराया-भाड़ा में बढ़ोतरी हो सकती है।