इलाहाबाद ब्यूरो। मनोहरदास क्षेत्रीय नेत्र संस्थान ने सर्जरी के क्षेत्र में एक और सफलता हासिल की है। नेत्ररोग विशेषज्ञ प्रो. कमलजीत सिंह की अगुवाई में विशेषज्ञों की टीम ने मोतियाबिंद बीमारी से जूझ रहे एचआइवी पीड़ित का सफल आपरेशन किया। विशेषज्ञों की टीम ने एचआइवी को लेकर विशेष एहतियात बरतते हुए न सिर्फ मोतियाबिंद का आपरेशन किया वरन मरीज की आंख में इंट्रा आक्यूलर लेंस भी प्रत्यारोपित किया। विशेषज्ञों की टीम को आपरेशन करने में महज दस मिनट लगे। टीम में प्रो. कमलजीत सिंह के अलावा डॉ. सुशांक, डॉ. रविंद्र, डॉ. अरुण, डॉ. ऊमा, डॉ. हर्ष माथुर, डॉ. वनलाल हुरई, पैरा मेडिकल स्टाफ मंजू सिंह और सिस्टर ऊषा शामिल थी। आपरेशन के बाद प्रो. कमलजीत सिंह ने बताया कि एचआइवी पीड़ित मरीजों का इलाज करने में डाक्टरों को परहेज नहीं करना चाहिए। बल्कि एहतियात के साथ उनका इलाज करना चाहिए। एचआइपी पीड़ित मरीजों के इलाज को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति नहीं पालना चाहिए।