इलाहाबाद। हिन्दी भाषी प्रदेशों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने युवाओं से आगे आने का आह्वान किया है। बृहस्पतिवार को 3डी सभा में एक घंटे तक चले अपने भाषण में उन्होंने 18 से 28 वर्ष की आयु वाले युवा वर्ग को केंद्र में रखा। कहा, 12वीं कक्षा के छात्रों का पूरा ध्यान सालभर परीक्षा में लगा रहता है। बोर्ड परीक्षा होने के कारण विद्यार्थियों के माता-पिता भी उनके साथ परीक्षा की तैयारी कराने में जुड़े रहते हैं। छात्र अच्छे नंबर से उत्तीर्ण हो जाता है तो उसका भविष्य बन जाता है। परिणाम खराब होने पर भविष्य खराब दिखने लगता है। लोकसभा चुनाव में भी युवाओं ने पूरे जोश के साथ मतदान नहीं किया तो पांच साल बेकार चले जाएंगे। उन्होंने युवाओं से पार्टी के पक्ष में मतदान का आह्वान किया। कहा, युवा मनोयोग से जुड़कर मतदान में भागीदारी करें। भविष्य को स्वर्णिम बनाएं और कांग्रेस की सरकार को भगाएं। उन्होंने महिलाओं से भी बदलाव का आग्रह किया। आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि आपातकाल के वक्त कांग्रेस का लोकतंत्र कहां था। न्यायालय की फटकार के बाद कई कानूनों को लागू किया जाता है। तब, कांग्रेस का लोकतंत्र कहां चला जाता है। समारोह में महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय, अनिल कोहली, विवेक श्रीवास्तव, रामलोचन साहू, पार्षद आनंद सिंह, राकेश जैन, कमलेश सिंह, दिवाकर त्रिपाठी, रमेश शर्मा, राम प्रकाश सिंह आदि शामिल रहे।