इलाहाबाद। जिला न्यायालय के वकील नौशाद अहमद से एसआरएन अस्पताल के जूनियर डाक्टरों द्वारा की गई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों वकीलों ने कचहरी के पास चक्काजाम कर दिया। इससे कचहरी और कलेक्ट्रेट के आसपास घंटों यातायात बाधित रहा। वकीलों ने अपनी नाराजगी आसपास के दुकानदारों पर भी निकाली। एसएसपी कार्यालय के सामने एक जनसभा कर दोषी जूनियर डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। चक्काजाम और सभा का नेतृत्व पूर्व मंत्री शीतला प्रसाद मिश्र ने किया। वकीलों की यह भी मांग है कि मुकदमे में हत्या के प्रयास की धारा 307 आईपीसी की वृद्धि की जाए। चक्काजाम और प्रदर्शन में तहसीन अहमद, राकेश तिवारी, रेवती रमण त्रिपाठी,आलोक शुक्ला, बरुन सिंह, रणविजय सिंह, कमल तिवारी, बऊ तिवारी आदि सैकड़ों वकील मौजूद थे।