इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया अभी भले ही पूरी न हुई हो लेकिन नव प्रवेशियों को रैगिंग से बचाने की कोशिशें शुरू हो गईं हैं। इविवि प्रशासन ने हर संकाय के लिए अलग-अलग एंटी रैगिंग टीम के गठन के साथ ही सदस्यों के नंबर भी जारी कर दिए हैं। प्राक्टर प्रो. आरके उपाध्याय ने बताया कि विवि में अगर किसी छात्र के साथ रैगिंग होती है तो वह अपने संकाय की टीम के सदस्यों को फोन पर जानकारी दे सकता है। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। प्रो.शबनम हामिद को कला संकाय के साथ ही महिला कॉलेज में भी रैगिंग रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।