इलाहाबाद (ब्यूरो)। कीडगंज इलाके में बुधवार सुबह ट्रक ने एक वृद्धा को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग शोर मचाकर पीछे दौड़े तो चालक ट्रक छोड़ निकल भागा। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराकर शव कब्जे में ले लिया। वृद्धा अस्पताल में आंख दिखाने के बाद चश्मा लगवाकर गांव लौट रही थी। मेजा थाना क्षेत्र के कोड़हौर गांव निवासी मेघई राम केसरवानी सुबह अपनी पत्नी राजकुमारी (60) को लेकर आंख के अस्पताल आए थे। यहां से दोनों लौट रहे थे। उन्हें कीडगंज इलाके से बस पकड़नी थी। पायल सिनेमाहाल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने राजकुमारी को रौंद दिया।