इलाहाबाद। दारागंज से रेलवे स्टेशन की तरफ आते वक्त रविवार सवेरे तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से टेंपो के खलासी की मौत हो गई। टक्कर मारने वाली गाड़ी का पता नहीं चल सका है। मोहित (18) दारागंज में गंगा भवन के पास रहता था। वह टेंपो में बतौर खलासी चलता था। रविवार सुबह करीब पांच बजे वह टेंपो में दारागंज से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। परेड के पास दूसरी गाड़ी ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। कुछ लोगों ने कहा कि टक्कर जीप ने मारी थी लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका है। खबर पाकर परिवार के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पिता के बाद मोहित की भी अकाल मौत से परिवार में मातम छाया है।