इलाहाबाद। हाईकोर्ट ने केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह और कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी, एमएलसी नसीब पठान की याचिका निस्तारित कर दी है। इन नेताओं ने अपने खिलाफ झूंसी थाने में दर्ज मारपीट की प्राथमिकी को याचिका में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने सभी नेताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। कोर्ट को अवगत कराया गया कि संबंधित मुुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई है, जिस पर न्यायालय ने संज्ञान ले लिया है। लिहाजा याचिका अर्थहीन हो चुकी है। याचिका पर न्यायमूर्ति रवींद्र सिंह और न्यायमूर्ति अनिल कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने सुनवाई की। उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर 2011 को झूंसी में आयोजित राहुल गांधी की चुनावी सभा में सपा नेता अभिषेक यादव ने राहुल गांधी को काला झंडा दिखाया था। उक्त मंत्रियों और नेताओं की अभिषेक यादव से हाथापाई हुई। अभिषेक ने झूंसी थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था।