महाकुंभ नगर। कुंभ मेले में स्थापित 100 बेड के सेंट्रल हॉस्पिटल में आधुनिक आईसीसीयू वैन भी आ गई है। सभी जरूरी जीवन रक्षक उपकरणों से लैस यह एंबुलेंस बुधवार को ही मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को मिली थी। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ.एसपी सिंह के मुताबिक, करीब 55 लाख रुपये में तैयार इस एंबुलेंस में ईसीजी, पल्स ऑक्सीमीटर, कार्डियक मॉनीटर, पांच अलग किस्म के स्ट्रेचर, वार्म और कोल्ड बॉक्स के साथ ही वेंटिलेटर भी है। महाकुंभ के चिकित्सा व्यवस्था प्रभारी मेजर डॉ. बीपी सिंह के अनुसार, किसी गंभीर मरीज को जरूरत पर जीवन रक्षक उपकरणों के सहारे सेंट्रल हॉस्पिटल से एसआरएन अस्पताल पहुंचाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में ऐसी एक एंबुलेंस पहले से है। आवश्यकता पड़ने पर किसी रोगी को उस एंबुलेंस से पीजीआई या दूसरे अस्पताल ले जाया जा सकेगा। कुंभ के बाद सेंट्रल हॉस्पिटल की वैन एसआरएन अस्पताल में रहेगी।